हंसडीहा (दुमका)।
हंसडीहा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े कनपटी पर पिस्टल सटाकर की गई लूट की वारदात को पुलिस ने खुली चुनौती के तौर पर लिया और महज़ 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जहां आम लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा है।

बढ़ेत गांव के पास अपराधियों ने राम सिंह की बुलेट मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोका और पिस्टल सटाकर मोटरसाइकिल व अंगूठी लूट ली थी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ जरमुंडी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। हंसडीहा और सरैयाहाट थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी ट्रैकिंग और गुप्त सूचना के आधार पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल, सोने जैसी प्रतीत होने वाली अंगूठी, एक नीली अपाची बाइक और 7.65 एमएम देसी पिस्टल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने 3 जनवरी को हुई 3.80 लाख रुपये की लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मो. कासिम (भागलपुर) और मो. रुसतम (बांका) के रूप में हुई है। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और बिहार–झारखंड अंतरजिला गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस तेज कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

