बोकारो : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम के महापौर पद की मतगणना पूरी होने के बाद भोलू पासवान को विजयी घोषित किया गया। पांच चरणों में सम्पन्न मतगणना में उन्होंने कुल 17,796 वैध मत प्राप्त कर अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया।

भोलू पासवान के निकटतम प्रतिद्वंद्वी अविनाश कुमार को 14,827 मत मिले, जबकि जमील अख्तर 10,320 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रकार भोलू पासवान ने 2,969 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर महापौर पद पर कब्जा जमाया। पांचवें और अंतिम मतगणना परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा ने उन्हें विजयी प्रमाण पत्र प्रदान किया।


चुनाव में कुल 82,311 मत डाले गए, जिनमें से 77,053 मत वैध पाए गए जबकि 5,258 मत निरस्त कर दिए गए। मतगणना की पूरी प्रक्रिया प्रथम से पंचम चक्र तक निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई गई और प्रत्येक चरण के बाद अभ्यर्थियों को मतों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई इस प्रक्रिया के बाद भोलू पासवान की जीत से समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

