शिव शक्ति महायज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कलश यात्रा का आयोजन


बोकारो थर्मल ः 
बोकारो थर्मल स्थित त्रयोदश मंदिर में शुक्रवार से आयोजित पांच दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आरंभ किया गया। शुक्रवार की सुबह लगभग दस बजे मंदिर प्रांगण एवं यज्ञस्थल से सैकड़ों की संख्या में महिलाओं एवं युवतियों के जत्थे ने ओवरब्रिज के नीचे कोनार नदी से जल लेकर कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में काफी संख्या में पुरुष श्रद्धाुल भी थे। कलश यात्रा को लेकर स्थानीय थाना के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों अजीत कुमार एवं भागीरथ महतो को जवानों के साथ तैनात कर रखा था। गाजे-बाजे के साथ निकली महिला श्रद्धालुओं ने माथे पर कलश लेकर यात्रा में भाग लिया। कोनार नदी में यज्ञ के यजमान आरएस पांडेय एवं उनकी पत्नी अरुणा पांडेय को आचार्य सत्येंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में विद्वान पंडितों में से प्रकाश शास्त्री, प्रदीप शास्त्री, रोहित शास्त्री, अशोक शर्मा आदि के द्वारा वैदिक मंत्रोचार के बीच पूजा अर्चना के साथ संकल्प करवाकर नदी से जल भरकर कलश यात्रा प्रारंभ की गई। कलश यात्रा कोनार नदी से प्रारंभ होकर बोकारो थर्मल के सभी मुख्य मार्गों से होता हुआ त्रयोदश मंदिर पहुंचा, जहां विधि विधान से सभी कलश को रखा गया। बाद में पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं ब्राह्म वरण का कार्यक्रम किया गया। कलश यात्रा में भारी संख्या में यज्ञ समिति से जुड़े लोग शामिल थे।