टीम वर्क से शांतिपूर्ण रही मतगणना : उपायुक्त अजय नाथ झा

बोकारो : नगरपालिका आम चुनाव 2026 के तहत जिले के चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद की मतगणना शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में सम्पन्न हुई। मतगणना के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मियों के समन्वित प्रयास तथा टीम वर्क के कारण पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा सकी। प्रशासन ने पूरी मतगणना को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया और कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या आपत्ति की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

मतगणना के बाद चास नगर निगम से महापौर पद पर भोलू पासवान और फुसरो नगर परिषद से चेयरमैन पद पर निर्मला देवी को विजयी घोषित किया गया। निर्धारित समय के भीतर मतगणना पूरी होने पर उपायुक्त ने निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी की टीम के कार्यों की सराहना की।

मतगणना केंद्र कृषि उत्पादन बाजार समिति, आईटीआई मोड़, चास में दिन भर प्रशासनिक गतिविधियां संचालित होती रहीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी लगातार मौजूद रहे और सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सफल निर्वाचन संचालन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं को धन्यवाद देते हुए आरओ-एआरओ टीम, पुलिस बल, होमगार्ड, चिकित्सा टीम, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों, तकनीकी टीम, एनआईसी, विभिन्न कोषांगों, प्रेक्षकों, ड्राइवरों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और प्रवर्तन एजेंसियों के कार्यों की सराहना की।