चास मेयर चुनाव: बिनोद कुमार का संकल्प पत्र जारी

BOKARO :  चास नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच मेयर पद के प्रत्याशी बिनोद कुमार के भाई और समर्थकों ने उनका संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में शहर के समग्र विकास का रोडमैप पेश करते हुए कई बड़े वादे किए गए। समर्थकों ने दावा किया कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर हर घर तक 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ग्रामीण और विस्थापित क्षेत्रों को होल्डिंग टैक्स से मुक्त कराने की दिशा में पहल करने की बात कही गई।

संकल्प पत्र में चास को स्वच्छ और जाम मुक्त शहर बनाने, ट्रांसपोर्ट नगर की समस्या का स्थायी समाधान निकालने, वेंडरों और दुकानदारों के स्थायीकरण तथा नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का वादा दोहराया गया। पूर्व में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई कराने की भी घोषणा की गई।

महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए विशेष योजनाओं का भी उल्लेख किया गया है। छह महीने के भीतर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, घरेलू महिलाओं को पार्ट टाइम रोजगार देने और गरीब बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था करने का वादा किया गया। जर्जर नालियों की दो महीने के अंदर मरम्मत और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का भरोसा भी दिलाया गया।

इस दौरान पूर्व मेयर पर कचरा उठाव, डीजल खर्च और खरीद प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाए गए। समर्थकों ने कहा कि अब फैसला जनता के हाथ में है और 23 तारीख को मतदाता अपने मत के माध्यम से जवाब देंगे।