दिल्ली पब्लिक स्कूल चास में स्पर्धा–2025 का भव्य समापन, जमुना सदन विजेता

  • सिटी डीएसपी बोकारो आलोक रंजन मुख्य अतिथि और चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि

 बोकारो : स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल चास के खेल मैदान में शुक्रवार को विद्यालय की छठी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘स्पर्धा–2025’ का भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय आयोजन में खेल, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम में सिटी डीएसपी बोकारो आलोक रंजन मुख्य अतिथि और चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन विद्यालय की प्राचार्या मनीषा तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता में कुल 355 अंकों के साथ जमुना सदन विजेता रहा, जबकि 335 अंकों के साथ गंगा सदन उपविजेता और 326 अंकों के साथ सतलज सदन तृतीय स्थान पर रहा। दूसरे दिन चार सौ से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। सातवीं कक्षा के जिम्मी चंद्र महथा, आठवीं कक्षा की श्रेया सुमन, नौवीं कक्षा की कृतिका कृशन, दसवीं कक्षा के राज टुडु तथा बारहवीं कक्षा के अमन कुमार और ज्योत्स्ना राज को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, मशाल प्रज्वलन और परेड निरीक्षण से हुई। विभिन्न सदनों के छात्रों ने सटीक तालमेल के साथ मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद खेल भावना की शपथ दिलाई गई। एथलेटिक मीट के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, रिले रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप और शॉट पुट सहित कई ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। योगासन, पीटी ड्रिल, लेजियम, पिरामिड गठन और रंगारंग व्यायाम प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। शिक्षकों के लिए आयोजित मैत्रीपूर्ण खेलों ने भी उत्साह बढ़ाया।

अपने संबोधन में आलोक रंजन ने कहा कि खेल बच्चों के सामाजिक, बौद्धिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास की मजबूत नींव रखते हैं और चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। प्रवीण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और संतुलित व्यक्तित्व को सफलता की कुंजी बताया। इस अवसर पर चीफ मेंटर हेमलता एस मोहन ने खेल भावना और भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। प्राचार्या मनीषा तिवारी ने ‘स्पर्धा’ को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मंच बताते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना की। प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Advertisements
Ad 7