शाहनाज़ फरहीन ने रचा कीर्तिमान: UGC-NET व NPTEL परीक्षा में सफलता, MBA में 9.0 CGPA के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन

बोकारो: GGES TC बोकारो की एमबीए सत्र 2023-25 की मेधावी छात्रा शाहनाज़ फरहीन ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता अर्जित करते हुए संस्थान और जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने UGC-NET (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। साथ ही NPTEL परीक्षा में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर एक और उपलब्धि अपने नाम की है।

शाहनाज़ की सफलता केवल प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं रही। उन्होंने MBA के अब तक के सत्र में 9.0 CGPA अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण, मेहनत और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से हर उपलब्धि संभव है।

संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरूहर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान छात्रों को प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए निःशुल्क IAS अकादमिक जैसी पहल से सहयोग दे रहा है, जिससे शाहनाज़ जैसी प्रतिभाएं आगे आ रही हैं।

शाहनाज़ ने अपनी सफलता का श्रेय संस्थान के शिक्षकों, MBA विभाग के HOD और निदेशक को देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने में GGES TC का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन निर्णायक रहा।

GGES के सचिव सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने शाहनाज़ की उपलब्धि को संस्था के लिए गौरव का विषय बताया।

संस्थान की विधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी अधिवक्ता पल्लवी प्रसाद ने जानकारी दी कि शाहनाज़ को संस्थान की ओर से ₹21,000 प्रति माह की इंटर्नशिप भी दी जा रही है, ताकि उन्हें व्यावहारिक अनुभव के साथ वित्तीय समर्थन भी मिल सके।

संस्थान के अध्यक्ष तरसेम सिंह ने शाहनाज़ को UGC-NET 2025 जैसी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

शाहनाज़ फरहीन की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए प्रेरणा है, बल्कि उन तमाम छात्रों के लिए भी आदर्श बन गई है, जो कड़ी मेहनत और अनुशासन से सफलता की ऊँचाइयों को छूना चाहते हैं।

Advertisements
Ad 7