डीपीएस चास में इंटर हाउस खो-खो टूर्नामेंटआयोजित

लड़कों के वर्ग में सतलज व लड़कियों में चेनाब हाउस ने मारी बाजी

चास (बोकारो)। दिल्ली पब्लिक स्कूल चास में शनिवार को इंटर हाउस खो-खो टूर्नामेंट 2023 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में सतलज हाउस प्रथम, यमुना हाउस द्वितीय, गंगा हाउस तृतीय व चेनाब हाउस चौथे स्थान पर रहा। सतलज हाउस ने यमुना हाउस को 7-4 अंक से हराया। वहीं गंगा ने चेनाब हाउस को 2-1 अंक से पराजित किया।

 

 

इधर लड़कियों के वर्ग में चेनाब हाउस ने यमुना को 5-0 से हराकर करारी शिकस्त दी। वहीं तीसरे स्थान के लिए गंगा और सतलज हाउस के बीच मैच हुआ। इसमें गंगा ने सतलज हाउस को 9-4 से हराया। इससे पूर्व विद्यालय के डायरेक्टर नवीन शर्मा ने दोनों टीमों के कैप्टन के सामने सिक्का उछालकर कार्यक्रम की शुरूआत की।

मौके पर कार्यवाहक प्राचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि खो-खो एक भारतीय मैदानी खेल है। इस खेल में मैदान के दोनों छोर पर दो खम्भों के अतिरिक्त किसी अन्य साधन की जरूरत नहीं होती। यह एक अनूठा स्वदेशी खेल है। युवाओं को स्वस्थ, संघर्षशील बनाने के साथ उनमें जोश भरने वाला यह खेल है। अपने संदेश में स्कूल की चीफ मेंटर डॉ. हेमलता एस मोहन ने कहा कि खेल से विद्यार्थियों को अनुशासन में रहने की सीख मिलती है। वहीं उनमें एक दूसरे की मदद करने की भावना भी पैदा होती है।

विद्यालय के डीन जोस थॉमस ने कहा कि खेलों से विद्यार्थी का शारीरिक एवं बौद्धिक विकास होता है। इसलिए विद्यार्थी जीवन में खेलों को महत्व देना बहुत ही जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता में पूरे अनुशासन एवं खेल को खेल की भावना से खेलने की सीख दी। उन्होंने कहा कि खो-खो एक समयबद्ध खेल है, जिसमें अल्प अवधि में परिणाम प्राप्त होता है, जो खिलाड़ियों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास में सहायक है।

मौके पर खेल शिक्षक निखिल दत्ता और राहुल प्रताप भी मौजूद रहे। खेल के सफल आयोजन के लिए डीएस मेमोरियल सोसाइटी के सचिव सुरेश अग्रवाल ने सभी को बधाई दी।

Leave a Reply