कथारा में नकली विदेशी शराब का भंडाफोड़, टाटा मैजिक जब्त

बोकारो जिले के कथारा क्षेत्र में नकली विदेशी शराब के अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 21 फरवरी 2026 को कथारा ओपी से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निगरानी की जा रही थी। 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे कथारा बस्ती मिडिल स्कूल के पास गश्ती दल ने एक टाटा मैजिक वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन भगाने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से घेराबंदी कर जब्त कर लिया गया। अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर चालक और एक अन्य व्यक्ति फरार हो गए।

जप्त वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CX-7876) से विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब, शराब सील करने की मशीन, ढक्कन, स्टीकर, बारकोड और स्पिरिट बरामद की गई। बरामद शराब में किंग्स गोल्ड (72 बोतल), रॉयल गोल्ड कप व्हिस्की (300), आइकॉनिक 180 एमएल (136), आइकॉनिक 375 एमएल (48), मैकडॉवेल्स 180 एमएल (192), मैकडॉवेल्स 375 एमएल (24), बी-7 (48) सहित करीब 20 लीटर तैयार शराब और 35 लीटर स्पिरिट शामिल है। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के सैकड़ों ढक्कन, स्टीकर और 2250 बारकोड भी जब्त किए गए।

इस मामले में गोमिया (कथारा ओपी) थाना कांड संख्या 26/26 दिनांक 20.02.2026 के तहत बीएनएस-2023 की धाराओं 340(2), 342(2), 274, 275, 292, 3(5) एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अवैध शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश प्रजापति, रवि कुमार चौरसिया, कृष्णानंद पाठक, अन्धरीयस धान, आरक्षी सुनील कुमार, मु. अमीरूज्जमा, संजय कुमार तथा निजी चालक हरिकेष पटेल शामिल थे।

पुलिस ने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है। कानून हाथ में लेने या अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से परहेज करने को कहा गया है।