– प्रतिभागियों ने सुमधुर गायन व मनोहारी नृत्य प्रस्तुतियों से बांधा समां
बोकारो : कला व साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बोकारो जिला इकाई द्वारा रविवार को सेक्टर 4 स्थित कैराली स्प्रिंगडल स्कूल में वंदे मातरम गीत की रचना के150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समूह गान व समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वंदे मातरम गीत थीम पर केंद्रित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सुमधुर गायन व मनोहारी नृत्य प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो के पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता बिरंची नारायण, विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट अरविन्द कुमार, कैराली स्प्रिंगडल स्कूल के प्रेसिडेंट शशिइंद्रन करात, जनरल सेक्रेटरी कृष्ण कुमार, प्राचार्या रुमा कुमारी, संस्कार भारती, बोकारो जिलाध्यक्ष अमरजी सिन्हा व महामंत्री स्वरूप शेखर पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्कार भारती के ध्येय गीत साधयति संस्कार भारती भारते नवजीवनम… के संवेत गायन से हुई। तत्पश्चात मेजबान कैराली स्प्रिंगडल स्कूल की छात्राओं ने एक सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। वंदे मातरम समूह गान प्रतियोगिता में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, गुरु गोविन्द पब्लिक स्कूल, सेक्टर 5, चिन्मय विद्यालय, बोकारो, आदर्श विद्या मंदिर चास व कैराली स्प्रिंगडल स्कूल तथा समूह नृत्य में श्री अय्यप्पा पब्लिक, चिन्मय विद्यालय व कैराली स्प्रिंगडल स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर समूह गान प्रतियोगिता में गुरु गोविन्द पब्लिक स्कूल को प्रथम, चिन्मय विद्यालय को द्वितीय व श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ जबकि समूह नृत्य प्रतियोगिता में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल ने प्रथम, चिन्मय विद्यालय ने द्वितीय व कैराली स्प्रिंगडल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडली में अमरजी सिन्हा, प्रसेनजीत शर्मा, डॉ मंजरी श्रीवास्तव, श्रीपर्णा घोष व रजनी पाढ़ी शामिल थीं।

मुख्य अतिथि बिरंची नारायण ने इस सुंदर आयोजन के लिए संस्कार भारती व मेजबान स्कूल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी की रचना आनंदमठ की आत्मा है वंदे मातरम् गीत और प्रतिभागी विद्यार्थियों ने जिस ढंग से गायन व नृत्य की प्रस्तुतियां दीं वह काबिले-तारीफ है। विशिष्ट अतिथि डिप्टी कमांडेंट अरविन्द कुमार ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत सभी प्रस्तुतियों की सराहना की। इस मौके पर मुख्य अतिथि बिरंची नारायण ने पूर्व में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हो चुके संस्कार भारती के प्रांतीय चित्रकला प्रमुख सरोज मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अध्यक्ष अमरजी सिन्हा व महामंत्री स्वरूप शेखर पांडेय ने आयोजन की सफलता हेतु सभी प्रतिभागी विद्यालयों व मेजबान स्प्रिंगडल स्कूल के मैनेजमेंट व स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन व संयोजन क्रांति श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कैराली स्प्रिंगडल स्कूल की प्राचार्या रुमा कुमारी ने किया।

इस अवसर पर संस्कार भारती बोकारो जिला के उपाध्यक्ष रामाशीष सिंह, मंत्री अर्चना चौधरी, साहित्य कला प्रमुख अरुण पाठक, नाट्य प्रमुख शंभु झा, कोषाध्यक्ष रुपक पांडेय, नृत्य प्रमुख रजनी पाढ़ी, चित्रकला प्रमुख नागेंद्र सिंह सहित जयंती सिंह, डॉ रंजना श्रीवास्तव, गीता कुमारी, अनिल कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार चौधरी, संजीव मजूमदार, पूर्णेन्दु पुष्पेश, शंकर कुमार प्रजापति, रुपक कुमार झा, स्वपन कुमार सहित काफी संख्या में संगीत व कलाप्रेमी उपस्थित थे।

