राष्ट्र की आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बना रहा ओएनजीसी : राजीव सिन्हा

बोकारो ः ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के कार्यालय प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह का औपचारिक शुभारंभ सुरक्षा प्रभारी दीप जोशी द्वारा एस्कॉर्ट कर परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा को मंच पर लाने के बाद हुआ। इसके उपरांत गूंजते राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सुमधुर स्वरों के बीच परिसंपत्ति प्रबंधक ने आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जवानों व अधिकारियों की भव्य परेड की सलामी ली।

संबोधित करते हुए परिसंपत्ति प्रबंधक श्री सिन्हा ने समस्त ओएनजीसी परिवार को स्वतंत्रता दिवस की ढेरों बधाइयां दीं। उन्होंने सीबीएम परिसंपत्ति के विभिन्न विभागों द्वारा किए गए उत्कृष्ट और सराहनीय कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने राष्ट्र की आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ व मजबूत बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ जुटने का आह्वान किया।

समारोह के सांस्कृतिक सत्र में देशभक्ति की अद्भुत छटा बिखरी। केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही ओएनजीसी कार्मिकों के प्रतिभावान बच्चों ने भी गीत, संगीत, नृत्य और वादन के क्षेत्र में एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। बच्चों और सुरक्षा जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए परिसंपत्ति प्रबंधक ने परेड कमांडर को 30 हजार रुपये का चेक सौंपा तथा केंद्रीय विद्यालय के बच्चों के लिए भी 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा कर उनका हौसला बढ़ाया।

मौके पर ओएनजीसी बोकारो के मानव संसाधन प्रमुख दयानंद कालुंदिया, एचईसी प्रमुख विजयेंद्र सिंह, पूर्व एचईसी प्रमुख बरनाली दास, सब सर्फेस प्रमुख सुनाराम मरांडी, पूर्व सब सर्फेस प्रमुख आलोक दास, ड्रिलिंग प्रमुख अपूर्वज्योति बोरा, भूतल दल प्रमुख विपिन प्रसाद, सप्लाई चेन मैनेजमेंट प्रमुख अरिंदम भट्टाचार्य, इंजीनियरिंग सर्विसेज से शिशिर रतन केरकेट्टा, कूप सेवाएं प्रमुख विकास चंद्र सिंह, लॉगिंग सर्विसेज प्रमुख बिरेन्द्र कुमार, मानव संसाधन महाप्रबंधक डॉली कुमारी सहित सभी विभागों के प्रमुख, अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।