धनबाद के बाद बोकारो में भाजपा के संकल्प सभा में अन्तर्कलह आया सामने, महिला भाजपाई का हंगामा

धनबाद में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किए जाने के बाद अब बुधवार को बोकारो में भी भाजपाइयों में अंतर्कलह सामने आया है। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किया गया। भाजपा के बोकारो विधानसभा अभिनंदन सह संकल्प सभा में महिला भाजपा नेता को सम्मान नहीं मिलने पर हंगामा किया। महिला नेता ने पार्टी में झंडा ढोने के बाद भी सम्मान नहीं मिलने की बात कही है।

बोकारो में महिला भाजपा नेता ने किया हंगामा

भाजपा लोकसभा चुनाव में बेहतर परिणाम आने के बाद झारखंड के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के उद्देश्य से सभी विधानसभा में कार्यकर्ताओं का अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बोकारो विधानसभा के 588 बूथ के कार्यकर्ताओं को सम्मान देने झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी बोकारो पहुंचे।

भाजपा में महिला का सम्मान नहीं होता है : मंजू

मंच से बाबूलाल मरांडी ने भाजपा के बूथ स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। लेकिन भाजपा उत्तरी मंडल की महामंत्री मंजू देवी ने पार्टी में सम्मान नहीं मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान मंजू देवी ने कहा कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान नहीं होता है। हम लोग घर परिवार छोड़कर पार्टी का झंडा लेकर घूमने का काम करते हैं, लेकिन हमें सम्मान नहीं दिया जाता है। हालांकि इस दौरान लोगों ने महिला को समझने का काम किया लेकिन, वह नहीं मानी।