आईएएस बन देश की सेवा करना चाहती है डीपीएस बोकारो की साइंस टॉपर साक्षी

बोकारो ः सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक लाकर जिले में बेहतरीन स्थान प्राप्त करने वाली डीपीएस बोकारो की विज्ञान संकाय की छात्रा साक्षी प्रिया की दिली ख्वाहिश आगे चलकर यूपीएससी की परीक्षा में सफल होकर एक आईएएस अधिकारी बनने की है। वह प्रशासनिक दायित्व के साथ देश की सेवा करना चाहती है। इसके पूर्व वह बीटेक इंजीनियरिंग करना चाहती है। विदित हो कि बांधडीह, चास रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सुमित कुमार एवं गृहिणी श्वेतिमा की होनहार पुत्री साक्षी ने दो वर्ष पूर्व 10वीं की परीक्षा में भी 99.4 प्रतिशत अंक पाकर बोकारो जिला टॉपर होने का गौरव हासिल किया था। उसे विषयवार मैथ्स में 99, केमिस्ट्री में 98, अंग्रेजी में 96, पीई में 98, पेंटिंग में 97 और फिजिक्स में 95 अंक मिले हैं। साक्षी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में यह सफलता पाने के लिए उसने रोजाना सात से आठ घंटे तक पढ़ाई की। सैंपल पेपर्स को हल करना उसके लिए फायदेमंद रहा। अपनी कामयाबी का श्रेय अपने विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है।

एक सवाल के जवाब में साक्षी ने कहा कि पढ़ाई में टाइम मैनेजमेंट काफी अहम होता है। असफलता से हताश होने वाले विद्यार्थियों को अपने संदेश में उसने कहा कि उन्हें निराश होने की बजाय और अधिक मेहनत से पढ़ाई करने की जरूरत है। यह परीक्षा ही अंत नहीं है। साक्षी को पढ़ाई के अलावा ड्राइंग और पेंटिंग में खासी रुचि है। वह अपने पिता से ही प्रेरित है। साक्षी से एक छोटा भाई है। उसने भी शानदार अंकों के साथ इसी बार 10वीं की परीक्षा पास की है।
Advertisements
Ad 7