मामूली विवाद में मां की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

बोकारो : बोकारो से मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक बेटे पर अपनी मां की लाठी-डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 60-65 वर्ष बताई जा रही है। बताया जाता है कि बीती रात घर में किसी बात को लेकर प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजू कुमार ने कथित रूप से अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मां की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-12 थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-12 थाना को एक युवक द्वारा अपनी मां के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डीएसपी के अनुसार घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। जिस रिश्ते को सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद माना जाता है, उसी रिश्ते में हुई इस दर्दनाक घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।