समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति को संजोते हुए विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में बोकारो में आयोजित आदिवासी महोत्सव और सखी महोत्सव की सफलता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भरता और विपणन का एक नया मंच मिला है। इस क्रम में मंत्री ने जिला प्रशासन की विभिन्न विकास योजनाओं का विभागावार विस्तृत लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। अंत में उन्होंने राज्य को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराते हुए ‘जय हिंद, जय भारत’ के नारे के साथ अपने संबोधन का समापन किया। मौके पर उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा भारी संख्या में आमलोग मौजूद रहे।
बोकारो जश्न-ए-आज़ादी की रही धूम, जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा
बोकारो ः इस्पातनगरी बोकारो, उपशहर चास तथा आसपास के इलाके सहित पूरे जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। जगह-जगह विभिन्न सरकारी, गैर-सरकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से भव्य समारोह आयोजित किए गए तथा पूरी शान-ओ-शौकत के साथ राष्ट्र-ध्वज तिरंगा लहराया। जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता और उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने झंडोत्तोलन किया। मंत्री ने आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की भव्य सलामी ली। इस दौरान उन्होंने समस्त जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आजादी के अमर महानायकों, भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शेख भिखारी और वीर बुधु भगत सहित झारखंड के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

