भाजपा जिला कार्यालय में सुमित सरण ने फहराया तिरंगा

निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जामताड़ा जिला कार्यालय में शनिवार को जिलाध्यक्ष सुमित सरण ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। झंडोत्तोलन के बाद उन्होंने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमित सरण ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें महान बलिदानों के बाद मिली है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित और समाजहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेत्री सुजाता सिंह भैया, सुरेंद्र मंडल, सुनील हांसदा, किरण बेसरा, चंदन राऊत, दिलीप हेम्ब्रम, प्रदीप कुमार, निमाई सेन और कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।