निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा :
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज कल्याण समिति, जामताड़ा के तत्वावधान में राजा अजित कुमार सिंह की अध्यक्षता में भव्य सांस्कृतिक सह-अधिविद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और बच्चों की प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर स्कूली छात्र-छात्राओं और विभिन्न डांस ग्रुपों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित और रिबन काटकर किया। इसके बाद मंच पर देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। नित्यांचल डांस एकेडमी, सेंट एंथोनी स्कूल, नृत्य झंकार डांस अकादमी, सेंट्रल स्कूल जामताड़ा, विक्टर किंगडम डांस एकेडमी और दुलाडीह अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों एवं डांस अकादमियों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।
एकल और सामूहिक नृत्य के माध्यम से बच्चों ने देश के प्रति प्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कई प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों लोगों के साथ छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 13 अगस्त को आयोजित प्रश्नमंच, चित्रकला तथा एकल एवं सामूहिक देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल एवं अन्य अतिथियों ने मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
समाज कल्याण समिति की ओर से जामताड़ा के उन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर सभी खेल विधाओं के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में नृत्य प्रस्तुतियों के निर्णायक के रूप में चिन्मय चक्रवर्ती, टुम्पा तिवारी, नमिता कुंडू, राजेश मंडल और राजकिशोर मंडल ने अपनी भूमिका निभाई। मंच संचालन प्रख्यात शिक्षाविद डी.डी. भंडारी ने किया। समिति की ओर से मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों, वार्ड पार्षदों और शिक्षकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी : वीरेंद्र मंडल
मुख्य अतिथि एवं समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच और अवसर देने की है।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण समिति का प्रयास है कि जामताड़ा की प्रतिभाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाए, जहां वे अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित कर सकें। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करते हैं।
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि प्रतियोगिता में जीतना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे ज्यादा महत्वपूर्ण अपनी प्रतिभा के साथ मंच पर आना और बेहतर करने का प्रयास करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति भविष्य में भी बच्चों और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी हमारे व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।
कार्यक्रम में बच्चों की नृत्य, संगीत और कला प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता, संस्कृति और एकता में निहित है। कार्यक्रम के समापन तक दर्शकों में उत्साह बना रहा। समाज कल्याण समिति का यह आयोजन जामताड़ा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिभा, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को एक मंच पर लाने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।

