बेटी की डिलीवरी कराने जा रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत, तीन गंभीर घायल

ब्रेकिंग न्यूज़ : दीपक कुमार केसरी

राजमहल: साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र स्थित जामनगर बंगाली पाड़ा के पास मंगलवार देर रात एनएच पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गोलढाब चुआर निवासी ऐसुद्दीन शेख (55) अपनी पत्नी नुबहार बीबी (50) और अन्य परिजनों के साथ बेटी की डिलीवरी के लिए राजमहल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऐसुद्दीन शेख और नुबहार बीबी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में यास्मीन खातून (26), निवासी रफातुल्लाटोला, रहीम शेख (45), निवासी अमानत तथा ताफनारा बीबी (55), निवासी रफातुल्लाटोला गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। बेटी की खुशियों में शामिल होने निकले माता-पिता की दर्दनाक मौत से गोलढाब चुआर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।