उधवा/साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के उत्तरी बेगमगंज पंचायत अंतर्गत गोबर गाड़ी गांव में पति-पत्नी जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पार्थो घोष ने सुबह अपनी पत्नी राखी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा जिला ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति पार्थो घोष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया गया। शुक्रवार को राधानगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में थाना कांड संख्या 139/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुअनि संग्राम सिंह सोय, पुअनि जुमराती अंसारी, सअनि मो. असलम, हवलदार पप्पू कुमार, राजकिशोर यादव सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

