बरहरवा में शेरशाहबादी समाज का जागरूकता अभियान तेज, 4 मई के धरना को लेकर निकाली गई बाइक रैली

बरहरवा/साहिबगंज।शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र पुनः निर्गत करने की मांग को लेकर आगामी 4 मई को बरहरवा प्रखंड परिसर में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार को शेरशाहबादी डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने बाइक रैली निकालकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया।बाइक रैली श्रीकुंड, पलाशबोना, अगलोई, हस्तीपाड़ा, जमालपुर, हरिहरा, महाराजपुर, रूपसपुर और कांकजोल समेत दर्जनों गांवों से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे 4 मई से शुरू होने वाले धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाएं। रैली के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। ज्ञात हो कि बरहरवा प्रखंड में शेरशाहबादी समुदाय की बड़ी आबादी निवास करती है, जो सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़ी मानी जाती है। पूर्व में इस समुदाय के लोगों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाते थे, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था। हालांकि, पिछले लगभग 14 वर्षों से जाति प्रमाण पत्र जारी होना बंद है, जिससे समुदाय के युवाओं को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन के सदस्यों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में अब 4 मई से प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जो मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। संगठन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि समुदाय को उसका अधिकार मिल सके। इस मौके पर आजमाइल शेख, इंतखाब आलम, फहीम शेख, नईम अख्तर, आफताब आलम, शाहीन अख्तर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।