गिरिडीह : जिले के सरिया प्रखण्ड के गडेया निवासी प्रवासी मजदूर कौसर अंसारी की कर्नाटक के मेंगलूरू में बुधवार को मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार सरिया के गडेया निवासी मंजूर अंसारी के 21 वर्षीय पुत्र कौसर अंसारी की मेंगलूरू में ट्रक जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। वह दस माह पूर्व ही मेंगलुर काम करने गया था। इसी दौरान बुधवार को जब वह जेसीबी द्वारा पहाड से मिट्टी की कटाई कर रहा था। तभी पहाड़ से मिट्टी धंस गयी और उसका ट्रक जेसीबी पूरी तरह मिट्टी में दब गया। इसी हादसे में उसकी मौत हो गयी। उसकी मौत की खबर परिजनो को मिलते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ईद त्योहार के अवसर पर उसकी मौत की खबर पाकर पूरे गांव में शोक का माहौल हैं।

बताया जाता है कि मृतक कौसर अंसरी अपने घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी और एक वर्षीय मासूम बेटी को छोड़ गया है। कौसर की इस आकस्मिक मौत की खबर सुन बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह मृतक युवक के परिजनों से मिल उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त किया है। वही प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने भी घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों की दूर प्रदेश में मौत की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। कहा कि दूर प्रदेश रोजी रोटी कमाने गये झारखण्ड कर मजदूरों के मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है।

