निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा : भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मौके पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति के शिखर पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन देशसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और भाजपा के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जिले के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी महान कवि, प्रखर वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। अपने उदार, समावेशी और अजातशत्रु व्यक्तित्व के कारण वे राजनीतिक विरोधियों के बीच भी समान रूप से सम्मानित रहे। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए।
सुमित शरण ने कहा कि वर्ष 2015 में अटल बिहारी वाजपेयी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। आज भी भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि देशभर के लोग उनके आदर्शों, विचारों, कार्यकाल और नेतृत्व को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं। उनका जीवन और राजनीतिक दर्शन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, सह कार्यालय मंत्री पिंटू गुप्ता, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, प्रिया सिंह, नगर मंत्री ब्रजेश राउत, राजेश कुमार, सुकुमार मंडल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

