वंदे मातरम के कथित अपमान के विरोध में भाजयुमो ने कांग्रेस का पुतला फूंका

निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : वंदे मातरम गीत के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मां चंचला चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति के इतिहास में वंदे मातरम का विशेष स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की संसद ने भी वंदे मातरम को सम्मान और विशेष दर्जा दिया है। सुमित शरण ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में वंदे मातरम के गायन के दौरान कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी द्वारा बार-बार इशारा कर गीत बंद करने को कहा गया। उन्होंने इसे वंदे मातरम का अपमान बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में भाजयुमो ने पुतला दहन किया है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम किसी राजनीतिक दल का गीत नहीं, बल्कि पूरे देश की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने देशवासियों और सैनिकों में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी पहले भी संविधान के अपमान से जुड़े विवादों में रही है और वंदे मातरम के मामले में भी उसका रवैया आपत्तिजनक है।

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि देश के नागरिक वंदे मातरम के महत्व और इसके ऐतिहासिक योगदान को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को देश की संस्कृति और राष्ट्रभावना का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी देश, सेना या राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े विषय सामने आते हैं, कांग्रेस का रवैया सवालों के घेरे में रहा है।

भाजपा नेता संतन मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पर लगातार संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और देश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता कार्यक्रम में शामिल होते हैं। ऐसे अवसर पर कांग्रेस के कार्यक्रमों और उसके नेताओं की भूमिका को लेकर भी सवाल उठते हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजयुमो महामंत्री मनीष दुबे, नित्य गोपाल सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, सुभम साव, अरिजीत मिश्रा, उदय मंडल, संतोष राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।