ईएसएल स्टील में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र-निर्माण, गुणवत्ता और टीमवर्क का लिया संकल्प

बोकारो ः वेदांता समूह की प्रमुख कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड  ने बोकारो स्थित अपने संयंत्र परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे देशभक्ति के उत्साह, गर्व और उल्लास के साथ मनाया। इस पावन अवसर पर कंपनी ने राष्ट्र निर्माण, सतत विकास और उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। समारोह में कंपनी की नेतृत्व टीम, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय हितधारक एक मंच पर एकजुट हुए, जिसने संगठन के भीतर सामूहिक एकता और साझा उद्देश्यों की मजबूत भावना को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ ईएसएल स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा द्वारा आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके तुरंत बाद पूरे परिसर में राष्ट्रगान की गूंज से देशभक्ति का माहौल बन गया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के प्रमुख सदस्य, जिनमें मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रह्लाद रावत, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी श्यामली मिंज, निदेशक (इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट) सुनील कुमार एन, और हेड (पीआर एवं स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट) संजय कुमार शामिल थे, विभिन्न विभागों के प्रमुखों, निदेशकों और कर्मचारियों के साथ उपस्थित रहे।

सशक्त भारत-निर्माण में हरेक नागरिक की भूमिका अहम ः सीईओ शर्मा
अपने संबोधन में सीईओ रवीश शर्मा ने कंपनी की अब तक की प्रगति यात्रा पर विचार साझा किए और सभी से एक एकजुट ईएसएल परिवार के रूप में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और एक सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का अहसास कराता है। अपने प्रेरणादायी संदेश में उन्होंने जोर देकर कहा कि ईएसएल स्टील की असली ताकत इसके कर्मचारियों की सामूहिक ऊर्जा में निहित है। उन्होंने दैनिक कार्यों में उच्च गुणवत्ता, कड़े सुरक्षा मानकों, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता को बनाए रखते हुए कंपनी को सफलता के नए शिखरों पर ले जाने का आह्वान किया।