SIR को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जामताड़ा-नाला के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

जामताड़ा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड के० रवि कुमार द्वारा जामताड़ा एवं नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति एवं तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 244, 257, 259, 334, 342, 381 एवं 382 के अलावा नाला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। वहीं नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी साथ मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित एईआरओ से मतदाताओं की मैपिंग, सत्यापन, नो मैपिंग मतदाताओं की स्थिति तथा पुनरीक्षण कार्य के दौरान आ रही व्यवहारिक समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
वहीं निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के० रवि कुमार ने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों से एसआईआर कार्य के निष्पादन में कठिनाई की जानकारी ली, साथ ही कहा कि सभी पूरी निर्भीकता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रत्येक पात्र मतदाता का समुचित सत्यापन सुनिश्चित करते हुए उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करें तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होने पाए, इसे सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया। कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को पूर्ण जवाबदेही एवं गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
वहीं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए उपलब्ध अभिलेखों एवं मतदाता सूची से संबंधित तथ्यों की पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ जांच एवं सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि एक ही परिवार एवं घर के सभी पात्र मतदाताओं का नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हो। पात्र युवाओं एवं नए मतदाताओं को फॉर्म-6 एवं आवश्यक घोषणापत्र भरने के लिए प्रेरित करने तथा नाम, पता अथवा आयु से संबंधित किसी प्रकार की विसंगति होने पर फॉर्म 8 के माध्यम से आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिया।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई 24 अगस्त से प्रारंभ होनी है। इसी के मद्देनजर मतदाताओं को होने वाली संभावित कठिनाइयों, बीएलओ की तैयारियों तथा ईआरओ एवं एईआरओ स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि मैपिंग के दौरान जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उन्हें नियमानुसार जोड़ने की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में ऐसे मतदाताओं का ईआरओ एवं एईआरओ स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग एवं आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में नियमानुसार शामिल किया जाएगा। इस मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी के अलावा संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित मौजूद रहे।