जमशेदपुर। सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बागबेड़ा के सिंग कॉलोनी बाबाकुटी स्थित श्री श्री शिव हनुमान मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं और बच्चों ने भक्ति गीतों एवं भजनों पर झूमते हुए कलश शोभायात्रा में हिस्सा लिया। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
कलश शोभायात्रा बागबेड़ा के बड़ौदा घाट स्थित खरकाई नदी से पवित्र जल लेकर निकाली गई। श्रद्धालु कलश में जल लेकर श्री श्री शिव हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन हुआ। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव-पार्वती की आरती कराई।
शाम को आयोजित शिव महाआरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दीपों की रोशनी, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की आरती में शामिल होकर सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

आयोजन में बागबेड़ा क्षेत्र के पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, पूर्व मुखिया बुधराम टोप्पो सहित मंदिर समिति के सदस्य, पुरोहित एवं कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया।

रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोग-भंडारे की भी व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ भोग-प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
मंदिर समिति के सदस्यों ने कहा कि सावन के पावन महीने में इस तरह के धार्मिक आयोजनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता मिलती है। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, श्रद्धालुओं एवं पुरोहितों के प्रति आभार व्यक्त किया।

