झामुमो ने भारत के माथे पर लगाया कलंक का टीकाः राजनाथ

ढुल्लू के समर्थन में रक्षा मंत्री ने बोकारो में की चुनावी सभा

बोकारो ः केन्द्रीय रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि झामुमो ने भारत के माथे पर कलंक का टीका  लगाया है। झारखंड रत्नगर्भा प्रदेश है। झामुमो की सरकार आने के बाद जिस प्रकार से यहां भ्रष्टाचार बढ़ा है, उसने यहां की छवि को कलंकित किया है। बोकारो के सेक्टर-2 सी दुर्गा पूजा मैदान में धनबाद लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो के समर्थन में मंगलवार को आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा – मैं झामुमो के लोगों से पूछना चाहता हूं क्या इसलिए अटल बिहारी वाजपेयी जी ने झारखंड को बनाया था? उनकी कल्पना थी कि बड़ी संख्या में यहां गरीब और आदिवासी रहते हैं। अलग राज्य बनने से उनका विकास होगा। लेकिन, जेएमएम की सरकार बनने के साथ ही यहां भ्रष्टाचार का सिलसिला शुरू हो गया। मुख्यमंत्री की बात तो छोड़िए, मंत्री और उनके सहयोगियों तक के पास से नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। बिना सीएम की शह के यह काम नहीं हो सकता। आज ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया, तो कहते हैं कि भाजपा सारे विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। हम यकीन दिलाना चाहते हैं कि हमारी पार्टी का भी कोई नेता भ्रष्टाचार में अगर पकड़ा गया, तो उसकी जगह जेल होगी।

उन्होंने कहा कि यह आज का भारत है, नया भारत है। इसकी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा। हमें जो छेड़ता है, हम उसे छोड़ते नहीं। योग दिवस का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि योग को पूरी दुनिया मानने लगी। यह हमारे राष्ट्र के मनीषियों की देन रही है। 172 देश के प्रतिनिधियों ने ताली बजाकर स्वागत किया और आज पूरी दुनिया हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाती है। यह है भारत की ताकत, जो विरोधियों को पसंद नहीं। इसलिए, वे उल-जलूल आरोप लगाकर केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। भारत की ताकत और हैसियत विरोधी दल के लोगों को रास नहीं आ रही है, इसलिए वे लगातार मनगढ़ंत आरोप लगाते रहे हैं। आज किसी की हिम्मत नहीं कि भारत की ओर आंख उठाकर देख सके। भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा और हम इस राह पर बढ़ चले हैं।

 

श्री सिंह ने कहा कि भारत की आरक्षण-व्यवस्था को बदलने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है। भाजपा ने जनता की आंखों में धूल झोंककर कभी भी राजनीति नहीं की। सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, धनबाद लोकसभा भाजपा प्रत्याशी ढुल्लू महतो, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, विधायक बिरंची नारायण, विधायक भानु प्रताप शाही, भारत सिंह सिसोदिया सहित कई केंद्रीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।