तिरंगे की शान के साथ ‘न्यू झारखंड, न्यू जामताड़ा’ का संकल्प

निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : स्वतंत्रता दिवस के पुनीत अवसर पर जिले के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य अतिथि मंत्री, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण पदाधिकारी, खाद्य आपूर्ति, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग, झारखण्ड डॉ इरफान अंसारी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने गांधी मैदान से दिए गए अभिभाषण में राज्य एवं जिले में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए समावेशी एवं आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया। अभिभाषण की शुरुआत उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए की उन्हें कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, एकता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है।

वहीं अभिभाषण में स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, रोजगार, आवास, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण, पेयजल, आधारभूत संरचना एवं कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले में अप्रैल से जुलाई 2026 तक 5,624 संस्थागत प्रसव एवं 7,463 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, 5,946 बच्चों का पूर्ण टीकाकरण तथा आयुष्मान भारत के तहत 3.41 लाख आयुष्मान कार्ड एवं 6.02 लाख आभा कार्ड बनाया गया है। जिले के सभी प्रखंडों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।
इसके अलावा कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सिंचाई, जल संरक्षण, बीज वितरण, सौर पंप तथा किसानों की आय बढ़ाने हेतु विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि जिले में विभिन्न आवास योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है तथा ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त शिक्षा के क्षेत्र में ICT आधारित शिक्षा, मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पीएम श्री विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा एवं विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया गया। साथ ही सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास की उपलब्धियां साझा की गईं।
वहीं जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सभी के सहयोग से “न्यू झारखंड, न्यू जामताड़ा” के निर्माण का आह्वान किया।