निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने जामताड़ा के नामुपाड़ा स्थित अपने आवासीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
तिरंगा फहराए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने देश की तरक्की और गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए मिलजुलकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

