वोटरों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना रहा डीपीएस बोकारो मतदान केन्द्र

झारखंडी संस्कृति व धरोहरों की प्रदर्शनी ने मन मोहा, सुविधाएं रहीं खास

बोकारो ः लोकसभा निर्वाचन 2024 के छठे चरण के तहत शनिवार को धनबाद लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले बोकारो के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन की ओर से शहर में जगह-जगह बूथों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। इसी कड़ी में नगर के सेक्टर चार स्थित डीपीएस बोकारो मतदान केंद्र में प्रशासन के सहयोग से विद्यालय प्रबंधन द्वारा यहां जिस प्रकार से मतदान केंद्र को सजाया गया, वह अपने-आप में रमणीक एवं आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रवेश-द्वार से लेकर अंदर बूथ तक का पूरा इलाका जागरूकतापरक नारे से पटा रहा। तोरण द्वार के बाद दोनों तरफ शामियाने पर झारखंडी संस्कृति एवं यहां की धनी परंपरा व धरोहरों के चित्रों की आकर्षक प्रदर्शनी अपने-आप में लुभावनी बनी रही। आते-जाते वोटर सहसा इस मनमोहक साज-सज्जा को देखकर ठहर जा रहे थे। विद्यालय परिसर झारखंडी संस्कृति व आंचलिकता के साथ-साथ तिरंगे की थीम में सजा रहा। सोहराय पेंटिंग और छऊ नृत्य की सजावट के साथ लगाए गए झोपड़ीनुमा आकर्षक सेल्फी पॉइंट ने वोटरों को खूब रिझाया। हजारों वोटरों में मतदान के बाद यहां फोटो खिंचवाई। कोई अकेले तो कोई पूरे परिवार के साथ मतदान का इंक लगी उंगलियों के निशान दिखाकर उत्साहित और गौरवान्वित महसूस कर रहा था।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार के निर्देशन में यहां मतदाताओं की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा गया। वोटरों के लिए विशेष रूप से शरबत और बैठने के लिए सैकड़ों कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। आवश्यक दवा के साथ बनाया गया चिकित्सा केंद्र भी मतदाताओं के लिए उपयोगी साबित हुआ, जहां भारी संख्या में वोटरों ने अपने ब्लड प्रेशर की जांच करवाई। निःशक्त मतदाताओं का भी विशेष रूप से ख्याल रखा गया। यहां प्रतिनियुक्त किए गए पुलिस बल के जवानों, पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान अभिकर्ताओं के साथ-साथ सभी वोटरों ने कुशल व्यवस्था की सराहना की। धनबाद लोकसभा क्षेत्र की यूपीए समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह भी यहां मतदान-कार्य का जायजा लेने पहुंचीं और समुचित व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने भी यहां के सेल्फी पॉइंट में तस्वीर खिंचवाई।

बता दें कि बोकारो विधानसभा क्षेत्र के इस मतदान केंद्र में कुल पांच बूथ बनाए गए थे। सेक्टर- 4 के विभिन्न इलाकों में रहने वाले वोटर यहां बूथ संख्या 267, 268, 269, 270 और 271 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गुमला कॉलोनी, आफिसर्स कॉलोनी आदि के क्षेत्रों से हर तबके लोग वोटर यहां पहुंचे। सेक्टर-5 स्थित विद्यालय की प्राइमरी इकाई में बूथ बनाए गए थे और वहां भी आकर्षक सजावट की गई थी। मतदान केन्द्र पर सफल मतदान के प्रति डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. गंगवार ने सभी मतदाताओं और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वोटरों से हाथ मिलाकर उन्हें राष्ट्रीय पर्व की बधाई भी दी।